राहत शिविर में पहुंचे सीएम साय, बाढ़ पीड़ितों से मिले; 10 परिवारों को 13 लाख की सहायता

जगदलपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत एवं सुविधाओं की जानकारी ली।

शिविर में वर्तमान में 795 बाढ़ प्रभावित लोग रह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविर में प्रभावितों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के मकान, मवेशियों और अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का त्वरित सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने बाढ़ में पूरी तरह मकान ढहने वाले 10 पीड़ित परिवारों को कुल 13 लाख रुपये की तात्कालिक सहायता राशि के चेक सौंपे।

सामाजिक संगठनों ने भी बढ़ाया मदद का हाथ

बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाएं और विभिन्न समाज भी आगे आए हैं। रोटरी क्लब ने बेडशीट और टॉर्च, जैन समाज ने बर्तन और कंबल तथा चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।

इसके अलावा ओसवाल जैन समाज की ओर से साड़ी और गमछा, पंजाब सनातन धर्म सभा की ओर से बाल्टी तथा गुजराती समाज की ओर से कंबल उपलब्ध कराए गए। समाजसेवी अनीता राज ने भी 15 हजार रुपये का चेक देकर सहयोग किया।

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग कर रहे दानदाताओं, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों के प्रति आभार जताया और उनके सेवा कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *