बीजापुर | 16 फरवरी 2026
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए IED, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री तथा अन्य सामान बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना उसूर क्षेत्र में केरिपु 229 वाहिनी की टीम ने ताड़पाला बेस एरिया के दक्षिण दिशा में नाले के पास सघन सर्चिंग के दौरान दो IED बरामद किए। इनमें एक बियर बोतल में और दूसरा बीजीएल (BGL) में प्लांट किया गया था। आगे की तलाशी में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए विस्फोटक और माओवादी उपयोग की सामग्री भी सुरक्षा बलों के हाथ लगी।
बरामद सामग्री में 40 नग BGL, 35 नग BGL राउंड, 90 बैटरियां, डायरेक्शन IED बनाने के लिए लोहे की पाइप, कच्चे ग्रेनेड बनाने का सामान, लोहे की प्लेट, मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।
इसी क्रम में केरिपु 22वीं और 214वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना भोपालपटनम् क्षेत्र के कोंडापड़गु इलाके में डिमाइनिंग के दौरान जमीन में लगाए गए चार बियर बोतल IED बरामद किए, जिन्हें मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।
कार्रवाई के दौरान थाना उसूर क्षेत्र के कमलापुर जंगल तथा थाना गंगालूर क्षेत्र के कोरचोली गांव में माओवादियों द्वारा बनाए गए अवैध स्मारकों को भी सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया।
सुरक्षा बलों का कहना है कि जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बीजापुर में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन: IED बरामद, विस्फोटक डंप ध्वस्त, माओवादी स्मारक तोड़े