जगदलपुर, 16 फरवरी 2026। शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की शहरी स्वास्थ्य इकाई द्वारा सोमवार को पार्षदों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए उन्हें सक्षम बनाना रहा।
कार्यक्रम में शहरी स्वास्थ्य जिला प्रबंधक श्री पी.डी. बस्तिया ने शहर की स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सेवाओं, योजनाओं और सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। पार्षदों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई जानकारियों से वे अपने वार्ड के लोगों को बेहतर ढंग से जागरूक कर सकेंगे और योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा पाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री संजय पांडे ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं की प्रशंसा की और समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर शहर के तीनों शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक सहित डॉ. विराट तिवारी, डॉ. मौमीता, डॉ. रोहित और डॉ. समीम को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि गीदम रोड स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री मातृत्व स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को निःशुल्क सोनोग्राफी एवं एएनसी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक निर्धारित तिथियों पर सेवाएं देते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय में ओपीडी का दबाव कम करने के उद्देश्य से शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। निकट भविष्य में इन केंद्रों पर सोनोग्राफी, एक्स-रे और ईसीजी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी आम जनता को उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यशाला में डॉ. विरेन्द्र ठाकुर (जिला सर्विलेंस अधिकारी), डॉ. भंवर शर्मा (नोडल अधिकारी), पी.डी. बस्तिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन प्रशिक्षक तथा पार्षदगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जगदलपुर में पार्षदों के लिए विशेष कार्यशाला — शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर