एक हफ्ते के अंधेरे का हुआ अंत: जिला प्रशासन की त्वरित पहल से मिचनार के दो गांवों में लौटी बिजली, 400 से अधिक ग्रामीणों को मिली राहत

जगदलपुर9जुलाई 2026/बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मिचनार-वन और गंवर छापर मिचनार-टू के ग्रामीणों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई। पिछले लगभग एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण 400 से अधिक ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर थे। बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई थी, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तकनीकी खराबी को दूर करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा किया और दोनों गांवों में बिजली आपूर्ति फिर से सुचारु कर दी। बिजली बहाल होते ही पेयजल व्यवस्था सामान्य हो गई है और घरेलू सहित अन्य आवश्यक कार्य भी पहले की तरह संचालित होने लगे हैं।

ग्रामीणों ने समय रहते समस्या का समाधान करने के लिए जिला प्रशासन और विद्युत विभाग का आभार जताया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में आगे भी त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *