जगदलपुर |10जुलाई सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम-2005 के प्रभावी क्रियान्वयन और आरटीआई आवेदनों के त्वरित निपटारे को लेकर बस्तर संभाग में 29 जुलाई को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग और ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस ट्रेनिंग में संभागभर के जनसूचना अधिकारी और मास्टर ट्रेनर्स शामिल होंगे।
कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस प्रशिक्षण में करीब 60 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, प्रथम अपीलीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के जनसूचना अधिकारी तथा चयनित ग्राम पंचायतों के सचिव शामिल रहेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स तैयार करना है, ताकि सूचना के अधिकार अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और द्वितीय अपीलों की बढ़ती संख्या को कम किया जा सके। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने सभी जिलों के कलेक्टरों और जिला व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रतिभागियों के नाम शीघ्र भेजने के निर्देश दिए हैं।