बीजापुर, 8 अक्टूबर 2026। आवापल्ली थाना क्षेत्र के ग्राम मुरदंडा में सरपंच, उपसरपंच और एक ग्रामीण के नाम से धमकी भरे पर्चे फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से कुल 7 धमकीपूर्ण पर्चे बरामद किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुरदंडा के सरपंच को 7 अक्टूबर की सुबह घर के पास रास्ते में ये पर्चे मिले थे। इनमें सरपंच नारायण काका, उपसरपंच नारायण कचलम और ग्रामीण जयमूर्ति चापड़ी को स्कूल निर्माण समेत अन्य कार्यों को लेकर धमकी दी गई थी।
जांच में सामने आया कि मुरदंडा-बायेगुड़ा निवासी संदीप मड़कम का संबंधित भूमि पर कथित रूप से लंबे समय से अवैध कब्जा था। जून 2026 में तहसीलदार द्वारा भूमि का सीमांकन कर स्कूल भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई और अवैध कब्जा हटाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद संदीप मड़कम ने नागेश बोड़के के साथ मिलकर माओवादियों के नाम का इस्तेमाल करते हुए भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से धमकी भरे पर्चे तैयार किए और रास्ते में फेंके। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धमकी भरे पर्चे, संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना मिलने पर अफवाहों पर ध्यान न दें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।