छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, बिजली गिरने से 3 की मौत; 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

इधर, बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। लखोदना गांव में खेत में काम कर रहे दो साढ़ू भाई मन्ना यादव और कुंजराम यादव बिजली की चपेट में आ गए। वहीं मानपुर में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर आकाशीय बिजली गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इन जिलों में आंधी-बारिश की संभावना

रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत प्रदेश के 29 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बुधवार को कोंडागांव में तेज हवा के साथ बारिश हुई और कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। दुर्ग में भी शाम करीब 4:30 बजे बारिश हुई।

रायपुर में 34 डिग्री तक पहुंचा तापमान

बुधवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *