कानपुर में एक्सपायर्ड चॉकलेट की लूट! कचरे में फेंकी टॉफियां भरने उमड़ी भीड़, VIDEO वायरल

कानपुर: 25अगस्त 2026/उत्तर प्रदेश के कानपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में कचरे के पास फेंकी गईं एक्सपायर्ड चॉकलेट और टॉफियों को लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग डंपिंग साइट के पास पड़ी चॉकलेट और टॉफियां इकट्ठा करते दिखाई दे रहे हैं। कोई इन्हें हाथों से उठा रहा है तो कई लोग बैग, बोरे और डिब्बों में भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि एक फैक्ट्री मालिक ने बिक्री के लिए अनुपयुक्त हो चुकीं चॉकलेट और टॉफियों को डंपिंग साइट के पास फेंक दिया था। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोग खाद्य सामग्री को अपने साथ ले जाने लगे।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के निपटारे और लोगों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। एक्सपायर्ड चॉकलेट या टॉफियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में खाद्य उत्पादों के सुरक्षित और नियमों के मुताबिक निस्तारण की जरूरत पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है और मामले को लेकर संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *