दलपत सागर में आस्था और रोमांच की लहरेंउप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिखाई नौका दौड़ को हरी झंडी, नाविकों ने दिखाया जज़्बा और जौहर

जगदलपुर, 25 जनवरी 2026/
ऐतिहासिक दलपत सागर रविवार को आस्था, उत्साह और रोमांच के अद्भुत संगम का साक्षी बना। शाम को प्रस्तावित भव्य दीपोत्सव से पहले आयोजित नौका दौड़ प्रतियोगिता ने पूरे सागर तट को ऊर्जा और उल्लास से भर दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  अरुण साव एवं वन मंत्री  केदार कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर किया।
झंडी मिलते ही नाविकों ने पतवार संभाली और लहरों को चीरते हुए अपनी शक्ति, संतुलन और कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। नौका दौड़ के हर दौर में रोमांच चरम पर रहा और दर्शक तालियों व उत्साहवर्धन के नारों से प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते नजर आए।
सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सतदेव बघेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बली पुजारी द्वितीय और पुरन नाग तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर वर्ग में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहाँ शिव पुजारी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अनुज दूसरे और राजीव तीसरे स्थान पर रहे।
इस आयोजन में मातृशक्ति की सशक्त भागीदारी भी खास आकर्षण रही। महिला वर्ग में सोनम ने सबसे तेज नौका दौड़ाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंचन द्वितीय और अंजना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर महिला वर्ग (बालिका) में ईसा गोयल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। मालती कश्यप और रोशनी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में विशेष प्रदर्शन के लिए तलेश कुमार को ‘स्पेशल’ श्रेणी में सम्मानित किया गया।
नौका दौड़ प्रतियोगिता ने दीपोत्सव से पहले ही दलपत सागर के वातावरण को उत्सवमय बना दिया और खेल, संस्कृति व आस्था के सुंदर समन्वय का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *