माँ दंतेश्वरी मंदिर चोरी मामले में बड़ी सफलता: 100 से अधिक CCTV खंगाले, चोर की पहचान, 5 हजार का इनाम घोषित

जगदलपुर- बस्तर जिले की आस्था के प्रमुख केंद्र माँ दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी की वारदात को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दिनांक 23 और 24 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर द्वारा मंदिर परिसर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। मंदिर पुजारी द्वारा 24 जनवरी की सुबह सूचना दिए जाने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा के निर्देशन में जिला पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुल 9 विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं।
अब तक की कार्रवाई में बस्तर पुलिस ने शहर के 100 से अधिक शासकीय एवं निजी CCTV कैमरों की जांच कर चोर के चेहरे की पहचान कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आरोपी के संबंध में सटीक जानकारी देने वाले को 5,000 रुपये नगद इनाम दिया जाएगा। फिलहाल 4 से 5 टीमें ओडिशा एवं आसपास के जिलों में सघन जांच अभियान चला रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवेचना के दौरान जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, आगे की कार्रवाई से जनता को अवगत कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *