छपरा 22सितम्बर 2026/बिहार के सारण जिले के छपरा में एयरपोर्ट परिसर के पास एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की सीमेंट लगी ईंट से हमला कर हत्या की गई। घटना की सूचना देर रात करीब 1 बजे पुलिस को मिली।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि सचिन स्थानीय मिठाई की दुकान में काम करता था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई सीमेंट लगी ईंट बरामद की है। इसके अलावा मृतक का मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम ने भी जांच की।
सारण के एसएसपी रोशन कुमार के अनुसार, घटना के समय सचिन के साथ मौजूद उसके साथी के बयान से पुलिस को कुछ संदेह हुआ है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। एसएसपी ने भरोसा जताया है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।