200 साल पुराने रामलला मंदिर में चोरी, अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा समेत कई मूर्तियां गायब

मध्य प्रदेश 22सितंबर 2026/छतरपुर जिले में करीब 200 साल पुराने रामलला मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के समय मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गर्भगृह में स्थापित भगवान रामलला की अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा समेत कुछ अन्य छोटी प्रतिमाएं भी चोरी कर ले गए।

मामले का खुलासा सुबह उस समय हुआ, जब मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शर्मा पूजा के लिए पहुंचे। मंदिर का ताला टूटा हुआ था और गर्भगृह में रामलला की प्रतिमा अपने स्थान से गायब मिली। अंदर जांच करने पर कुछ अन्य प्रतिमाएं भी नहीं मिलीं। पुजारी ने तत्काल ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

यह मंदिर मातगुवां थाना क्षेत्र में स्थित है और स्थानीय लोगों के अनुसार इसका इतिहास करीब दो शताब्दी पुराना है। मंदिर से ग्रामीणों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। प्रतिमाओं के चोरी होने की खबर सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

सूचना मिलने पर मातगुवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी के तरीके, मंदिर में प्रवेश के रास्ते और आसपास के संभावित सुरागों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरी गई प्रतिमाओं और आरोपियों के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *