45 फीट ऊंचाई से मौत का गिरना: आगरा में जिप लाइन हादसे ने छीनी 16 साल के कुनाल की जिंदगी

26मई 2026

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक दर्दनाक हादसे ने पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजगंज क्षेत्र स्थित चौपाटी में रविवार को ज़िप लाइन का आनंद ले रहे 16 वर्षीय किशोर की अचानक हुई दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब उसका परिवार सामने खड़ा होकर उसे देख रहा था।

मृतक की पहचान फिरोजाबाद निवासी कुनाल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता के साथ घूमने आगरा आया था। बताया जा रहा है कि कुनाल ज़िप लाइन पर था तभी अचानक सुरक्षा हुक खुल गया और वह करीब 45 फीट नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते ही कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की आंखों के सामने हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा उपकरणों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ज़िप लाइन संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एडवेंचर गतिविधियों के नाम पर कई जगहों पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम के संचालन किया जा रहा है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित संचालकों से पूछताछ की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि रोमांचक खेलों में सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *