जगदलपुर के कन्या विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, गलत व्यवहार पर चुप न रहने की दी सीख
जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026। बच्चों को उनके अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), जगदलपुर द्वारा सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत30अक्टूबर को विशेष कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, जगदलपुर श्रीमती डेसी पटेल उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
इस दौरान छात्राओं को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न या शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में तत्काल माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित विधिक अधिकारियों को जानकारी देनी चाहिए।
शिविर में बच्चों को ‘गुड टच और बैड टच’ के बीच अंतर समझाते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा के बुनियादी नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में सतर्क रहने और तत्काल उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कानून के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्री रजी वर्गिस सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।