27 अक्टूबर को सर्च ऑपरेशन के दौरान मिली सामग्री, बीडीएस टीम ने विस्फोटकों को मौके पर किया नष्ट
गढ़चिरौली, 28 अक्टूबर 2026। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस बल ने वंगेतुरी के जंगल में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। सुरक्षा बलों ने 27 अक्टूबर की सुबह अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान यह सामग्री जब्त की।
गढ़चिरौली पुलिस के अनुसार, नक्सलियों के डंप की सूचना मिलने के बाद चार अलग-अलग टीमें गठित कर जंगल में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 12 क्लेमोर, एक 12 बोर राइफल, तीन सिंगल शॉट राइफल, एक एयर गन, छह बोतल विस्फोटक, लाइव क्लेमोर विस्फोटक, बारूद और नक्सलियों की वर्दी सहित अन्य सामग्री बरामद हुई।
जब्त विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की सहायता से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां काफी कम होने के बाद भी जंगलों में पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों की तलाश जारी है, ताकि किसी संभावित खतरे को टाला जा सके।