चक्रवात ‘अर्नब’ ने पकड़ा भीषण रूप, 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं; छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आंध्रप्रदेश 28 अक्टूबर 2026। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के दौरान बेहद गंभीर रूप ले चुका है। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान के केंद्र में हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक होने की संभावना जताई गई है।

आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के पास तट पार करने की जानकारी दी गई है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए हैं, सड़कें जलमग्न हो गई हैं और यातायात प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पेड़ों और मलबे को हटाने के साथ राहत कार्य में जुटी हैं।

ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित, ओडिशा में स्कूल बंद

चक्रवात के असर को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द किया है। वहीं, खराब मौसम के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा में कुछ उड़ानें भी रद्द की गई हैं। ओडिशा के 16 जिलों में स्कूल बंद किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव के इंतजाम किए हैं।

छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बस्तर संभाग के जिलों में भी मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है।

इसके अलावा 28 अक्टूबर को ओडिशा और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

चक्रवात के प्रभाव वाले क्षेत्रों में लोगों को प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों से दूर रहने तथा जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *