संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश
जगदलपुर, 21 मई 2026। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने गुरुवार को संभाग स्तरीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने माओवाद मुक्त हो चुके अंदरूनी क्षेत्रों में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों को लोक सेवाएं सरलता से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
कमिश्नर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारियों को मैदानी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने और दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली तथा आजीविका से जुड़ी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक हाल के वर्षों में विकास कार्यों की पहुंच बढ़ी है, वहां शासन के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना जरूरी है।
बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पटेल एवं कोटवार के रिक्त पदों को अभियान चलाकर शीघ्र भरने के निर्देश दिए गए। साथ ही अविवादित नामांतरण-बंटवारा प्रकरणों के निराकरण, भू-स्वामियों को खसरा बी-वन नकल, किसान किताब और व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टों की सत्यापित प्रतियां उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
कमिश्नर ने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने एवं नियद नेल्लानार शिविरों के सफल आयोजन के माध्यम से आम जनता की मांगों और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को खाद-बीज वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल प्रदर्शन कार्यक्रम, सब्जी बीज मिनिकिट, उद्यानिकी पौधे, मत्स्यपालन सहायता, बैकयार्ड कुक्कुटपालन और सूकरत्रयी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने कहा।
बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा करने, सभी हैंडपंप और नल जल योजनाओं को चालू रखने तथा ग्रामीण इलाकों में नए विद्युत कनेक्शन और ट्रांसफार्मर स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
कमिश्नर ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने, मोतियाबिंद पीड़ितों की जांच एवं ऑपरेशन के लिए पंचायतवार सर्वे सूची तैयार करने तथा नए शैक्षणिक सत्र से पहले स्कूली बच्चों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जनगणना कार्य, सुरक्षा कैंपों को शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा के रूप में विकसित करने, अंदरूनी बसाहटों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के संचालन सहित विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर बीएस सिदार एवं गीता रायस्त सहित विभिन्न विभागों के संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि अन्य जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।