दिल्ली के हौजखास में दर्दनाक हादसा: रिटायर्ड IAS धनेन्द्र कुमार की दम घुटने से मौत, AC ब्लास्ट से लगी आग की आशंका

29मई 2026

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौजखास में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रशासनिक जगत को झकझोर दिया। देश के कई अहम मंत्रालयों में अपनी सेवाएं दे चुके वरिष्ठ रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेन्द्र कुमार की घर में लगी आग के बाद दम घुटने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में एयर कंडीशनर (AC) की इंडोर यूनिट में ब्लास्ट के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है। हौजखास स्थित उनके आवास से अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद घर के ग्राउंड फ्लोर में तेजी से धुआं फैल गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल कर्मियों और पुलिस ने घर के अंदर फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में धनेन्द्र कुमार और उनके बेटे को तत्काल AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने धनेन्द्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। वहीं उनका बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसे के समय अधिकारी की पत्नी और घरेलू सहायकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही मिनटों में पूरा घर धुएं से भर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में मौजूद थे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धनेन्द्र कुमार देश के अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों में गिने जाते थे। हरियाणा कैडर के 1968 बैच के IAS अधिकारी रहे धनेन्द्र कुमार ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे हरियाणा सरकार में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव रहे, वहीं केंद्र सरकार में रक्षा उत्पादन, सड़क परिवहन, राजमार्ग और संस्कृति मंत्रालय में सचिव पद पर भी कार्यरत रहे। इसके अलावा वे भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले अध्यक्ष भी रहे थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने विश्व बैंक में भारत समेत कई दक्षिण एशियाई देशों का प्रतिनिधित्व किया था।

फिलहाल पुलिस, फॉरेंसिक टीम और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और बिजली व्यवस्था के साथ AC यूनिट की तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी साजिश की आशंका सामने नहीं आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *