आंधी-तूफान से थमा शहर, पुलिस-नगर निगम की तत्परता से घंटों में बहाल हुआ यातायात

28मई 2026

जगदलपुर। बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश ने जगदलपुर शहर की रफ्तार थाम दी। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर गईं, वहीं कुछ स्थानों पर बड़े होर्डिंग्स भी सड़क पर आ गिरे, जिससे यातायात बाधित हो गया और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। खराब मौसम के बीच हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बस्तर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, यातायात शाखा तथा शहर के तीनों थाना प्रभारियों को अलर्ट किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि अंधेरा होने से पहले सभी मुख्य मार्गों से गिरे पेड़, शाखाएं और होर्डिंग हटाकर आवागमन सामान्य किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या हादसे का सामना न करना पड़े।

निर्देश मिलते ही यातायात पुलिस, शहर के थाना स्टाफ, नगर निगम और बिजली विभाग की संयुक्त टीम अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कई जगहों पर सड़क के बीचोंबीच गिरे पेड़ों को मशीनों और कर्मचारियों की मदद से हटाया गया। वहीं बिजली लाइनों के पास गिरी शाखाओं को सावधानीपूर्वक हटाकर इलाके को सुरक्षित बनाया गया।

संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर तेजी से काम करते हुए कुछ ही समय में यातायात को दोबारा सुचारु कर दिया। बारिश और तेज हवा के बीच पुलिसकर्मियों और निगम कर्मचारियों की सक्रियता की लोगों ने सराहना की। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *