28मई 2026
जगदलपुर। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पारापुर में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर विकास और जनकल्याण का बड़ा मंच बनकर उभरा। शिविर के दौरान ग्रामीणों को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली, वहीं लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर प्रशासन ने सुशासन की प्रतिबद्धता भी दिखाई। कार्यक्रम में 1 करोड़ 56 लाख 49 हजार रुपये लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इसके साथ प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 32 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का भी भूमिपूजन हुआ, जिससे क्षेत्र में आवागमन और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखीं। शिविर में कुल 235 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 140 मामलों का त्वरित निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। शेष लंबित आवेदनों को तय समय-सीमा में निपटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष और भरोसा देखने को मिला।
शिविर केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ भी प्रदान किया गया। कृषि विभाग ने किसानों को उन्नत बीज और कृषि पंप वितरित किए, जबकि लैम्पस के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। मत्स्य विभाग ने हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल वितरित किए, वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड सौंपे गए ताकि जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी कार्यक्रम में विशेष प्राथमिकता दी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ योजना से जोड़कर उन्हें लाभांश और आवश्यक सामग्री वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पदमा कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि करोड़ों रुपये के विकास कार्य और सड़क परियोजनाएं आने वाले समय में पारापुर सहित आसपास के गांवों की तस्वीर बदल देंगी तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।