28मई 2026
जगदलपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देश और अभिहित अधिकारी, जिला बस्तर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के फल विक्रेताओं और फुटकर दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में खराब और सड़े हुए फल पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
27 मई 2026 को संजय मार्केट क्षेत्र में आर के फ्रूट सप्लायर, सन्नी बघेल फल दुकान, केशव फ्रूट एंड कंपनी और कुरैशी राम मोर संजय फल दुकान का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान आर के फ्रूट सप्लायर से 10 दर्जन केले और 2 किलो आम नष्ट करवाए गए।
इसके बाद 28 मई को भी प्रशासन की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। लालबाग चर्च के सामने स्थित राकेश चंद्र गुप्ता फल दुकान, लालबाग चर्च के पास नीरज कुमार गुप्ता फल दुकान, सुमित रॉय फल दुकान, राजू चाय नाश्ता एवं फल दुकान, आड़ावाल, दंतेश्वरी फ्रूट्स संजय मार्केट, शारदा फ्रूट्स संजय मार्केट, आर के जी फ्रूट्स संजय मार्केट और श्री बालाजी फ्रूट सप्लायर का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान राकेश चंद्र गुप्ता की दुकान से 2 किलो आम, सुमित रॉय फल दुकान से 1 किलो आम, राजू चाय नाश्ता एवं फल दुकान से 3 किलो संतरा, 2 किलो आम और लगभग 2 दर्जन केले नष्ट कराए गए। वहीं दंतेश्वरी फ्रूट्स से 20 किलो आम तथा शारदा फ्रूट्स से 20 दर्जन केले खराब पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करवाए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को दुकान और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पंजीयन एवं लाइसेंस प्रदर्शित करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने साफ किया कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।