रायपुर, 28 जून। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के सुदूर वनांचल गांवों—जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही, बम्हनी, कटामी और अचानकमार में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनचौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सड़क, बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है।
श्री साव ने बताया कि शिवतराई-केवची सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है और बारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं बिजराकछार-औरापानी सड़क को भी मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने जमुनाही और सुरही में सीसी रोड निर्माण, देवभूमि में हैंडपंप स्थापना, पेयजल के लिए टैंकर की व्यवस्था, मंच निर्माण, गणेश पंडाल के लिए शेड निर्माण तथा बिंदावल में सीसी रोड सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की।
ग्रामीणों द्वारा बिजली और पेयजल की समस्या उठाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, पेंशन और राशन जैसी सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। जनचौपाल के दौरान उन्होंने स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की।
इस अवसर पर मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
वनांचल के गांवों में पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जनचौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं