जांजगीर-चांपा28जून2026 छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बलौदा थाना क्षेत्र के डोंगरी-कोरबी गांव के पास भारतमाला सड़क पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तीन बुजुर्ग दोस्तों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह लगभग 4 से 5 बजे के बीच हुई। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय दिलहरण दास वैष्णव, 52 वर्षीय केदार यादव और 70 वर्षीय संतु यादव के रूप में हुई है। तीनों रोज की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे और अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद सड़क पर तीनों के शव अलग-अलग दूरी पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मृतकों में दिलहरण दास वैष्णव सेवा सहकारी समिति से शाखा प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त थे, जबकि केदार यादव और संतु यादव खेती-किसानी से जुड़े हुए थे। तीनों की एक साथ हुई मौत से गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।