1 फरवरी को जगदलपुर में टीईटी परीक्षा, 14 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

जगदलपुर, 20 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के लिए जिला मुख्यालय जगदलपुर पूरी तरह तैयार है। आगामी 1 फरवरी को बस्तर के हजारों युवा शिक्षक बनने के अपने सपनों को साकार करने के लिए परीक्षा में शामिल होंगे। इस महापरीक्षा में डीएड एवं बीएड डिग्रीधारी कुल 14,174 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा का शुभारंभ सुबह 9.30 बजे से प्रथम पाली में होगा, जो प्राथमिक शाला स्तर (कक्षा पहली से पांचवीं) के लिए निर्धारित है। इस पाली में डीएड योग्यताधारी 5,599 अभ्यर्थी जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इनमें शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बाल विहार एवं निर्मल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैसे प्रमुख केंद्र शामिल हैं। अलग-अलग केंद्रों पर 240 से 420 तक परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छठी से आठवीं) के लिए बीएड योग्यताधारी 8,575 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस पाली के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी गई है। हम एकेडमी और विद्या ज्योति स्कूल सहित कई केंद्रों की क्षमता 420 तक बढ़ाई गई है। इसके साथ ही दीप्ति कॉन्वेंट स्कूल, क्राइस्ट कॉलेज, शहीद गुंडाधूर कृषि महाविद्यालय, डीपीएस कालीपुर सहित अन्य शिक्षण संस्थानों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इस प्रकार शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में सुव्यवस्थित सीटिंग प्लान के तहत टीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *