जगदलपुर, 20 जनवरी 2026/
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत सोमवार की शाम जगदलपुर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। टाउन हॉल के समक्ष आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में 87 तीर्थयात्रियों के जत्थे को प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया। बस के प्रस्थान से पूर्व जय श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर राममय हो उठा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर रामलला के दर्शन की अपार खुशी और उत्सुकता साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडे, नगर निगम सभापति खेम सिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने तीर्थयात्रियों को पुष्प भेंट कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं और बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा रामलला दर्शन योजना समिति के सदस्य रामाश्रय सिंह एवं अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हो रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं योजना के नोडल अधिकारी बीरेंद्र बहादुर सहित जिला पंचायत कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि बस्तर जिले से अब तक कुल 1042 श्रद्धालु इस योजना के माध्यम से अयोध्या धाम की तीर्थयात्रा का पुण्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं।
रामभक्ति से सराबोर जगदलपुरश्री रामलला दर्शन योजना के तहत 87 तीर्थयात्री अयोध्या धाम के लिए हुए रवाना