तालाब में मिला 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव, मछली पकड़ने गए थे रात में; मौत पर उठे सवाल

जामताड़ा। 11सितंबर 2026/नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह स्थित डोका तालाब से शुक्रवार सुबह 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में चर्चा का माहौल है। मृतक की पहचान कोरीडीह निवासी जहारुद्दीन अंसारी उर्फ डुलिया के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, जहारुद्दीन अंसारी गुरुवार रात गांव के पास स्थित डोका तालाब में मछली पकड़ने गए थे। शुक्रवार सुबह तालाब से उनका शव बरामद हुआ। वह मछली के कारोबार से जुड़े थे और तैरना भी जानते थे। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों के बीच उनकी मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत तालाब में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

दो दिनों में दो तालाबों से शव मिलने से चिंता

नारायणपुर क्षेत्र में तालाब से शव मिलने की यह लगातार दूसरी घटना है। इससे एक दिन पहले भी मछली पकड़ने गए एक युवक का शव तालाब से बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में तालाब से शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *