देवभोग नगर पंचायत में वेतन विवाद ने लिया हिंसक रूप, सरकारी दफ्तर बना अखाड़ा!

9मई2026

गरियाबंद जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में वेतन भुगतान को लेकर ऐसा बवाल मचा कि मामला बहस से सीधे मारपीट तक पहुंच गया। नगर पंचायत के सीएमओ कक्ष में इंजीनियर और अकाउंटेंट के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों का वेतन समय पर जारी नहीं होने से नाराज इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को चर्चा के लिए बुलाया था। लेकिन बातचीत के दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इंजीनियर के साथ मौजूद कुछ लोगों ने भी अकाउंटेंट के साथ धक्का-मुक्की की, जिसके बाद पूरा कार्यालय अफरा-तफरी में बदल गया।
घटना के बाद देवभोग पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कर्मचारी यूनियन भी मैदान में उतर आई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
सरकारी दफ्तर के अंदर हुई इस मारपीट ने प्रशासनिक व्यवस्था और कार्य संस्कृति पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देवभोग नगर पंचायत की शांत छवि को इस घटना से बड़ा झटका लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *