9मई2026
छत्तीसगढ़ की युवतियों को नौकरी और ट्रेनिंग के नाम पर दूसरे राज्य ले जाकर बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक झारखंड के गढ़वा जिले में करीब 35 लड़कियां फंसी हुई बताई जा रही हैं, जिनमें कांकेर जिले की 15 युवतियां भी शामिल हैं। मामला तब सुर्खियों में आया जब एक युवती का रोते हुए मदद मांगने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में युवती घर लौटने की गुहार लगाती नजर आ रही है, जबकि पीछे से एक महिला की आवाज सुनाई देती है कि “पैसे नहीं दिए हैं, इसलिए जाने नहीं देंगे।”
बताया जा रहा है कि ये सभी लड़कियां नर्सिंग से जुड़े काम और ट्रेनिंग के लिए झारखंड गई थीं। वायरल वीडियो के बाद परिजनों में चिंता बढ़ गई और प्रशासन भी हरकत में आ गया। कांकेर कलेक्टर ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू करा दी है। प्रशासन का कहना है कि कुछ लड़कियां अपनी मर्जी से काम के लिए गई थीं, लेकिन बंधक बनाए जाने की शिकायत बेहद गंभीर है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार झारखंड प्रशासन के संपर्क में हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर युवतियों को वहां तक कौन लेकर गया? क्या उन्हें नौकरी और ट्रेनिंग का झांसा दिया गया था? क्या यह मानव तस्करी से जुड़ा मामला है? फिलहाल प्रशासन हर पहलू की जांच कर रहा है और जरूरत पड़ने पर टीम भेजकर लड़कियों को सुरक्षित वापस लाने की तैयारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर नौकरी के नाम पर युवतियों को दूसरे राज्यों में भेजे जाने की प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।