धरमपुरा शराब दुकान में देर रात की घटना, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
जगदलपुर, 12 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के जगदलपुर में शराब दुकान बंद होने के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने और अवैध रूप से शराब मांगने का मामला सामने आया है। शराब देने से मना करने पर आरोपी ने दुकान के मैनेजर और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आरोपी राजा ध्रुव (34) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे धरमपुरा स्थित शराब दुकान में हुई। दुकान बंद होने के बाद मैनेजर कार्यालयीन कार्य कर रहा था। इसी दौरान राजा ध्रुव वहां पहुंचा और दुकान के बंद दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ते हुए अंदर घुस गया। दुकान बंद होने की जानकारी देने के बावजूद उसने शराब की मांग की। शराब देने से मना करने पर आरोपी ने मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद दुकान के मैनेजर ने थाना कोतवाली, जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 429/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 331(4) और 119(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा अन्य साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमित कुमार के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम एवं प्रमोद ठाकुर, थाना प्रभारी पीएसआई रानी सोनी, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक भीम मंडावी, टामन बघेल, हरीश कश्यप और राजू की भूमिका रही।
बस्तर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, धमकी, मारपीट या असामाजिक व्यवहार की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।