नई दिल्ली 9 अगस्त 2026 |फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में 4 अगस्त को हुई तेज टर्बुलेंस की घटना अब एक नए विवाद में घिर गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद विमान के कैप्टन का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालांकि, एयर इंडिया ने टेस्ट के पॉजिटिव होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही इससे इनकार किया है।
दरअसल, एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही थी। उड़ान के दौरान विमान को करीब चार से पांच मिनट तक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान अचानक लगभग 300 फीट नीचे चला गया, जिससे कई यात्री और चालक दल के सदस्य घायल हो गए।
विमान में 137 यात्री और चालक दल के 8 सदस्य सवार थे। घटना के बाद 13 यात्रियों और चालक दल के 4 सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चालक दल के कुछ सदस्यों को रीढ़ और गर्दन में चोटें आने की बात सामने आई थी।
डोप टेस्ट को लेकर क्या बोली एयर इंडिया?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि लागू नियमों के तहत पायलटों का फ्लाइट के बाद स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया था। हालांकि, टेस्ट के नतीजे एयरलाइन के साथ साझा नहीं किए गए हैं, इसलिए एयरलाइन किसी निष्कर्ष पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है।
एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह सिविल एविएशन नियमों के तहत अपने क्रू सदस्यों का नियमित ड्रग टेस्ट कराती है और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग जारी रखेगी।
DGCA कर रहा पूरे मामले की जांच
टर्बुलेंस की घटना और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) कर रहा है। अब कथित डोप टेस्ट रिपोर्ट की खबर सामने आने के बाद जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कथित पॉजिटिव टेस्ट का 4 अगस्त की टर्बुलेंस घटना से कोई सीधा संबंध था या नहीं। आधिकारिक जांच और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।