दूरस्थ स्कूलों में पहुंचा शिक्षा विभाग का निरीक्षण दल, पढ़ाई से लेकर पोषण आहार तक की जमीनी हकीकत जांची

जगदलपुर, 09 अगस्त 2026। शनिवार8अगस्त  को सुबह कालीन शाला संचालन के दौरान जिला मिशन समन्वयक अशोक पाण्डे एवं सहायक कार्यक्रम समन्वयक परमेश्वर पाण्डे द्वारा विकासखंड क्षेत्र के दूरस्थ शालाओं का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उच्च प्राथमिक शाला बर्रेयपाल, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला तिरसुम, पाटकुलपारा, कोड़ेनार सहित विभिन्न विद्यालयों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की शैक्षणिक स्थिति को लेकर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से चर्चा की।

इस दौरान शिक्षकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, FLN बेसलाइन सर्वे, प्रतिदिन सामान्य अभ्यास, यू-डाइस में बच्चों की प्रोग्रेस दर्ज करने तथा आधार आईडी बनाने सहित विभिन्न कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से गणित एवं हिंदी विषय से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए। कुछ बच्चों ने प्रश्नों के सही उत्तर दिए, जबकि जहां आवश्यकता महसूस हुई वहां अधिकारियों ने शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में गुणवत्तायुक्त मध्यान्ह भोजन, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और पोषण वाटिका तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया। वहीं जर्जर विद्यालय भवनों में बच्चों को अध्यापन कार्य नहीं कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *