बिलासपुर, 9 अगस्त 2026। बिलासपुर के तोरवा मुक्तिधाम में पालतू कुत्तों का अंतिम संस्कार कराए जाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों के विरोध और कार्रवाई की मांग के बीच नगर निगम ने मामले में कदम उठाते हुए टास्क कर्मचारी रेखा सिंह को मुक्तिधाम की जिम्मेदारी से हटा दिया है।
मानवों के लिए निर्धारित है मुक्तिधाम
जानकारी के अनुसार, तोरवा मुक्तिधाम में कुछ पालतू कुत्तों का अंतिम संस्कार कराए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। लोगों का कहना था कि मुक्तिधाम मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित है, ऐसे में यहां पालतू पशुओं का अंतिम संस्कार कराया जाना उचित नहीं है।
मामले को लेकर कुछ लोग तोरवा थाने भी पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ा तो निगम ने की कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने इसे गंभीरता से लिया। निगम ने टास्क कर्मचारी रेखा सिंह को तोरवा मुक्तिधाम की जिम्मेदारी से हटा दिया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि अब मुक्तिधाम में पालतू पशुओं का अंतिम संस्कार नहीं कराया जाएगा।
महापौर पूजा विधानी ने भी पूरे मामले की जानकारी ली और जोन कमिश्नर से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पालतू पशुओं के लिए अलग व्यवस्था की तैयारी
नगर निगम अब पालतू पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए अलग स्थान अथवा व्यवस्था विकसित करने की तैयारी में है। निगम का उद्देश्य है कि भविष्य में इस तरह के विवाद की स्थिति न बने और पालतू पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए लोगों को अलग सुविधा उपलब्ध हो सके।
तोरवा मुक्तिधाम की व्यवस्था भी होगी बेहतर
विवाद के बाद नगर निगम ने तोरवा मुक्तिधाम के रखरखाव और व्यवस्थाओं में सुधार का भी फैसला लिया है। मुक्तिधाम को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए जाने की तैयारी है।
फिलहाल निगम ने साफ कर दिया है कि तोरवा मुक्तिधाम का उपयोग केवल मानवों के अंतिम संस्कार के लिए किया जाएगा, जबकि पालतू पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए अलग व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जाएगा।