विश्व आदिवासी दिवस पर CRPF का जनकल्याण कार्यक्रम, ग्रामीणों को बांटी खेती सामग्री और जरूरत का सामान

09 अगस्त 2026 | किस्ताराम एक्सिस (पोटकपल्ली)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 212 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से किस्ताराम एक्सिस के पोटकपल्ली क्षेत्र में स्थानीय आदिवासी समुदाय के बीच जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट श्री विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को खेती-किसानी का सामान, स्कूल बैग, स्टेशनरी, कंबल, साड़ी, खेल सामग्री और बर्तन सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समुदाय के साथ आत्मीय संबंध मजबूत करना तथा उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।

इस दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

कमांडेंट विजय कुमार वर्मा ने कहा कि नक्सलियों के मंसूबों पर गहरी चोट करने के साथ ही 212 बटालियन का उद्देश्य आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में शमीमुद्दीन शेख, द्वितीय कमान अधिकारी (प्रशासन), दिनेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी (परिचालन), गौरव शर्मा, उप कमांडेंट, राकेश लाम्बा, सहायक कमांडेंट सहित अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *