बस्तर के युवाओं के लिए सेना का दरवाज़ा खुला, अब मुफ़्त कोचिंग के साथ मिलेगा बड़ा मौका

जगदलपुर, 18 मार्च 2026।
देश सेवा का सपना देखने वाले बस्तर के युवाओं के लिए इस बार सुनहरा अवसर सामने आया है। भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए अधिसूचना जारी होते ही जिला प्रशासन ने भी तैयारी को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
अब भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रशासन की ओर से निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मार्गदर्शन और शारीरिक प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पहल खासतौर पर उन युवाओं के लिए राहत लेकर आई है, जो संसाधनों की कमी के कारण पीछे रह जाते थे।
भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क और ट्रेड्समैन जैसे पदों पर चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद जून के पहले पखवाड़े में लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा।
योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थियों की उम्र 17½ से 22 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। प्रशासन ने तैयारी को आसान बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का सहारा लिया है, जहां पंजीकरण के बाद युवाओं को पढ़ाई सामग्री और अपडेट्स सीधे व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मिलेंगे।
इसके अलावा, प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट, पीईटी और पीएटी की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए भी मुफ्त क्रैश कोर्स शुरू किए गए हैं, जिससे वे एक साथ कई अवसरों की तैयारी कर सकें।
अगर किसी अभ्यर्थी को आवेदन या पंजीकरण में परेशानी आती है, तो वे जगदलपुर स्थित जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर पर सहायता ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *