जगदलपुर, 14 अक्टूबर 2026। सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के लिए ‘युवा रत्न सम्मान योजना’ के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र युवा और संस्थाएं 30 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
योजना के तहत हर वर्ष एक स्वैच्छिक संगठन और 14 विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं का चयन कर सम्मानित किया जाता है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपये, राज्य युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये तथा अन्य चिन्हित विधाओं में चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाती है। इसके साथ पदक, शॉल और प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाते हैं।
15 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2026 को कम से कम 15 वर्ष पूरी होनी चाहिए और 31 मार्च 2027 तक 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पात्र युवा और स्वैच्छिक संगठन निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन 30 अक्टूबर 2026 तक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नया रायपुर को प्रस्तुत करना होगा। यह सम्मान प्रतिभाशाली युवाओं और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें व्यापक पहचान दिलाने का अवसर है।