बारिश से पहले कलेक्टर का बड़ा निर्देश: अस्पतालों में सर्पदंश की दवाइयां रहें उपलब्ध, स्कूलों की सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सख्ती

जगदलपुर, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने बारिश के मौसम को देखते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सर्पदंश और मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय पर उपचार मिले, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी के साथ कार्य करे।

जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नक्सल पुनर्वसित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी पात्रता आधारित शासकीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी स्कूल परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर आवेदन भरवाने और बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दिए। साथ ही टैलेंट तिहार, बोलेगा बचपन, अपार आईडी, यू-डाइस, पीएम श्री विद्यालय, बाल वाटिका और पीएम पोषण योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।

कृषि विभाग की समीक्षा में खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की स्थिति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने अल नीनो के कारण संभावित कम वर्षा को देखते हुए किसानों के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी खाद विक्रेताओं के यहां निर्धारित दर सूची प्रदर्शित करने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान, बस्तर मुन्ने अभियान, मिशन इंद्रधनुष, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, मनरेगा, राशन कार्ड, कौशल विकास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सुशासन तिहार के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा एफसीआई गोदामों में संग्रहित चावल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर  सी.पी. बघेल, नगर निगम आयुक्त  प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर  यशवंत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *