चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार

जगदलपुर, 14 जुलाई 2026। बस्तर पुलिस ने शहर में चाकू लहराकर उत्पात मचाने और लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में नशे और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बोधघाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात राजेंद्र नगर वार्ड में कुछ युवक नशे की हालत में डंडा और धारदार चाकू लेकर पहुंचे और इलाके में उत्पात मचाने लगे। शिकायतकर्ता आशिफ कुरैशी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ सड़क किनारे खड़ा था, तभी अभिषेक पानीग्राही उर्फ बामन, रोहित पोयाम और सोनू बघेल वहां पहुंचे। आरोपियों ने खुद को इलाके का “दादा” बताते हुए गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट कर दी। इस दौरान आरोपियों ने चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी और एक प्लास्टिक पाइप को भी डंडे से तोड़ दिया।

मामले में बोधघाट थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी अभिषेक पानीग्राही उर्फ बामन (27) निवासी गंगानगर और रोहित पोयाम (19) निवासी बहादुरगुड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें मंगलवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले का तीसरा आरोपी सोनू बघेल फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा, निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग सहित थाना बोधघाट की टीम और पैंथर टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *