मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने प्रशासन की तैयारी, बीएलओ और सुपरवाइजर्स को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

बस्तर और चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के अधिकारियों को पुनरीक्षण की हर प्रक्रिया जिम्मेदारी से पूरी करने के निर्देश

जगदलपुर, 04 नवम्बर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 85 बस्तर एवं 87 चित्रकोट के बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजर्स को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों, निर्धारित प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतन स्थिति बनाए रखना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसके लिए प्रत्येक प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना आवश्यक है।

मास्टर ट्रेनर्स ने बीएलओ और सुपरवाइजर्स को अपने दायित्वों का सजगता से निर्वहन करने तथा पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यों से संबंधित विभिन्न शंकाएं और सवाल भी रखे, जिनका मास्टर ट्रेनर्स ने समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

इस प्रशिक्षण में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *