सुकमा, 19 नवंबर 2026। बस्तर ओलंपिक 2026-27 में इस बार खेल के मैदान से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो ग्रामीण महिलाओं के उत्साह और बदलते सामाजिक माहौल को बयां कर रही है। सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर मैदान पर पहुंचीं और कबड्डी तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। इस आयोजन में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की भागीदारी भी देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि पूर्व नक्सल प्रभावित और दूरस्थ गांवों के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में खेल प्रतियोगिताओं से जुड़ रहे हैं।
खेल के जरिए प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर ओलंपिक में ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिल रहा है। कभी पहुंच से दूर और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचीं दीपिका मुचाकी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों का आपसी जुड़ाव बढ़ता है और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।
कई खेलों में हो रही प्रतिस्पर्धाएं
बस्तर ओलंपिक के तहत जूनियर और सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन मुकाबलों में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
23 नवंबर तक होंगे विकासखंड स्तरीय मुकाबले
सुकमा जिले में 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे। वहीं, 26 और 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बस्तर ओलंपिक के मैदान में बच्चों को गोद में लेकर खेलती महिलाओं की भागीदारी इस आयोजन की खास तस्वीर बनकर उभरी है। यह आयोजन ग्रामीणों को खेलों से जोड़ने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी दे रहा है।