11जून2026
धमतरी। जिले के ग्राम बरारी में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर रिसॉर्ट निर्माण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। शिकायत मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरारी में लगभग 70 डिसमिल शासकीय भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।
मामले में आरोपों के घेरे में आए बरारी निवासी खूबलाल ध्रुव का कहना है कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से इस भूमि पर काबिज हैं। उनका दावा है कि डुबान प्रभावित होने के कारण वे यहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की शिकायत के चलते यह मामला सामने आया है और प्रशासन जो भी वैधानिक कार्रवाई करेगा, वह उन्हें स्वीकार होगी।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि भूमि शासकीय है तो उस पर निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा था? साथ ही, पेड़ों की कटाई के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, यह भी जांच का विषय बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।