स्कूल और आंगनबाड़ी पहुंचे कलेक्टर आकाश छिकारा, बच्चों से पूछे सवाल और बांटी टॉफियां

जगदलपुर, 12 मार्च।
जिले में शिक्षा और बच्चों की सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को बकावंड क्षेत्र के कई शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता, प्रयोगशालाओं की स्थिति और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
करपावंड स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर कलेक्टर ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से गणित के सवाल पूछे। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए, जिससे प्रसन्न होकर उन्होंने उन्हें चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों से बातचीत कर मध्याह्न भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और प्रैक्टिकल लैब में पढ़ाई की स्थिति भी देखी।
इसके बाद कलेक्टर सरगीपाल स्थित अटल टिंकरिंग लैब पहुंचे, जहां विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए बायो-मटेरियल वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल की जानकारी ली। उन्होंने 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए लैब में होने वाले प्रैक्टिकल कार्यों का रोस्टर भी देखा और भौतिकी, रसायन तथा जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं में रखे उपकरणों के उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रयोगशालाओं में उपलब्ध संसाधनों का समय पर उपयोग कर विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान दिया जाए ताकि परीक्षा परिणाम बेहतर हो सकें। इसी दौरान उन्होंने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर ग्राम क्षमापुर के सुंडीपारा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर उनसे बातचीत की और उन्हें टॉफियां वितरित की। साथ ही केंद्र में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और पोषण व्यवस्था की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *