फूलों की खेती के नाम पर अफीम का खेल! बलरामपुर में 2 एकड़ में लहलहाती फसल जब्त, प्रशासन सख्त

12मार्च 2026

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में जंगल के किनारे करीब दो एकड़ जमीन पर फूलों की खेती के नाम पर अफीम उगाई जा रही थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरी फसल को जब्त कर लिया।
मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रातभर खेत की निगरानी की। इसके बाद नियमों के अनुसार अफीम के पौधों को काटकर कब्जे में लिया गया और जांच के लिए सैंपल भी सुरक्षित किए गए।
प्रशासन का कहना है कि इस मामले में जमीन मालिक, बिचौलियों और इसमें शामिल मजदूरों की भी जांच की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध नशीली खेती में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मामले सामने आने से राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। अब बलरामपुर की इस घटना के बाद प्रदेश में नशीली खेती पर प्रशासन और भी ज्यादा सख्ती बरतने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *