जगदलपुर, 1 नवंबर 2026। बस्तर जिले के जगदलपुर में आधी रात एक कार सवार को रास्ते में रोककर मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। ग्राम पल्ली रोड के कांगोली में तीन लोगों ने कार सवार को डराया-धमकाया और उसके पास रखे करीब 5 हजार रुपये लूट लिए। मामले में परपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम राजुर, तोकापाल निवासी 34 वर्षीय चुम्मन दास 30 अक्टूबर को निजी काम से तोकापाल गए थे। वहां से लौटते समय 31 अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे ग्राम पल्ली रोड स्थित कांगोली में एक डेली नीड्स दुकान के पास तीन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये लूट लिए।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना परपा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने 1 नवंबर को प्रकाश सेकर (26 वर्ष), निवासी महावीर नगर और राजीव साहू (23 वर्ष), निवासी तेतरकुटी, जगदलपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में परपा पुलिस ने की।