जगदलपुर, 1 नवंबर 2026। बस्तर जिले के बकावंड थाना क्षेत्र के ग्राम छिनारी में रविवार को एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से आग आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक ली गई। इससे दुकान से लगी दो अन्य दुकानें सुरक्षित बच गईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
यह आग प्रार्थी यशवंत सिंह की किराना दुकान में लगी थी। दमकल कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की ग्रामीणों ने सराहना की।