बस्तर ओलंपिक में उमड़ा खेल प्रतिभाओं का सैलाब, 19,236 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन; करंदोला जोन बना ओवरऑल चैंपियन

जगदलपुर, 14 नवंबर 2026। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026 की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का बस्तर ब्लॉक मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री खेल मैदान में उत्साहपूर्ण आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं भव्य पुरस्कार वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।

बस्तर ब्लॉक में बस्तर ओलंपिक के लिए कुल 19,236 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। जोन एवं ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 232 विजेता खिलाड़ियों का जिला स्तर के लिए चयन किया गया। यह आंकड़ा ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं के उत्साह को दर्शाता है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मां दंतेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने बालक एवं बालिका वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रतियोगिता के लिए बस्तर ब्लॉक में भाटपाल, इच्छापुर, तुरपुरा, मधोता, करंदोला और मुंडागांव सहित छह जोन बनाए गए थे। इन जोन के खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और रस्साकसी सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

समापन समारोह में जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उदबोराम नाग, वरिष्ठ नागरिक रामानंद मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में जिला, संभाग और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

करंदोला जोन बना ओवरऑल चैंपियन

विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए करंदोला जोन ने सर्वाधिक पुरस्कार हासिल किए और ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं मधोता जोन द्वितीय स्थान पर रहा। दोनों जोन के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई।

खिलाड़ियों के साथ बैठकर जनप्रतिनिधियों ने किया भोजन

इस आयोजन की खास बात यह रही कि ब्लॉकभर से पहुंचे खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, एसडीएम अजय कुमार शतरंज, जनपद सीईओ श्वेता वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की भी सराहना की। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ भोजन करने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। ऐसे आयोजन बस्तर में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर एसडीएम अजय कुमार शतरंज, जनपद सीईओ श्वेता वर्मा, चंद्रशेखर जैन, बीईओ भारती देवांगन, बीआरसी अजम्बर कोर्राम, एबीईओ सुशील तिवारी, चंद्रभान मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *