हरिद्वार, 11 अगस्त 2026। सावन के कांवड़ मेले मेंसोमवार को हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। कांवड़ यात्रा के 12वें दिन डाक कांवड़ शुरू होते ही बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल भरने हरिद्वार पहुंचे। हरिद्वार पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार, सोमवार को अकेले 63 लाख 60 हजार शिवभक्तों ने प्रमुख घाटों से पवित्र गंगाजल उठाया।
यात्रा शुरू होने से अब तक 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार से अधिक कांवड़िये गंगाजल लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब समेत अलग-अलग राज्यों के शिवालयों के लिए रवाना हो चुके हैं।
डाक कांवड़ के चलते हरिद्वार में दोपहिया और चार पहिया वाहनों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। हर की पौड़ी और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ दिखाई दे रही है।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रमुख घाटों, कांवड़ पटरी, हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बलों के साथ ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य टीम और स्वच्छता कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
कांवड़ियों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने शिवभक्तों और डाक कांवड़ियों से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। कांवड़ियों को निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।