छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आज बारिश-बिजली का अलर्ट; बिलासपुर में अरपा उफान पर, निचली बस्तियों में जलभराव

रायपुर, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत दे रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि, अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी रह सकती है, जिसके बाद प्रदेश में बारिश फिर बढ़ने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राज्य में अब तक 650.9 मिलीमीटर यानी करीब 25.6 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य बारिश 686.6 मिलीमीटर की तुलना में करीब 5 प्रतिशत कम है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में कुल बारिश की स्थिति सामान्य श्रेणी में बनी हुई है।

बिलासपुर में बारिश से बिगड़े हालात

बिलासपुर में सोमवार को हुई बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ घरों और गलियों में पानी भर गया। वहीं बारिश के बाद अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।

धमतरी में दो युवक तेज बहाव में बहे

धमतरी जिले के नरहरा वाटरफॉल में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झरने में नहाते समय दो युवक अचानक पानी के तेज बहाव में बह गए। दोनों करीब 50 फीट तक पानी के साथ बह गए। हालांकि वाटरफॉल में लगी रेलिंग के सहारे दोनों युवकों ने खुद को संभाले रखा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

तापमान की स्थिति

सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जिलेवार अलग-अलग बनी हुई हैं। कुछ इलाकों में बारिश से राहत मिल सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *