बीजापुर, 11 नवंबर 2026। बीजापुर जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र में पांडेमुर्गा चौक के पास एनएच-63 पर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी और नकदी की कथित लूट की सूचना पुलिस जांच में फर्जी निकली है। पुलिस के मुताबिक, गीदम के सोना-चांदी व्यापारी ने कर्ज चुकाने के दबाव के चलते लूट की मनगढ़ंत कहानी बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की शाम करीब 6 बजे व्यापारी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ स्थित अपनी दुकान से तूफान वाहन में एक कपड़ा व्यापारी और चालक के साथ गीदम लौट रहा था। बाद में तीनों ने नेलसनार थाने पहुंचकर शिकायत दी कि पांडेमुर्गा के जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर करीब दो करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया और आसपास के जिलों तथा राज्य की सीमाओं पर नाकाबंदी कराई। पुलिस टीमों ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की और लगभग 16 घंटे तक लगातार निगरानी की।
जांच के दौरान कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन हाईवे से लगे जंगल में एक ही स्थान पर सुरक्षित और चालू हालत में मिले। इस तथ्य से पुलिस को संदेह हुआ और शिकायतकर्ता समेत तीनों कथित पीड़ितों से अलग-अलग पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी तो व्यापारी के ऊपर कर्ज होने और लगातार तकादे का दबाव होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस की पूछताछ में व्यापारी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि लूट की पूरी कहानी झूठी थी और कर्ज से बचने के लिए इसे गढ़ा गया था। पुलिस का कहना है कि इस कहानी में वाहन चालक और साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी को भी शामिल किया गया था।
पुलिस के अनुसार, तीनों ने कथित लूट की सूचना देकर जांच को गुमराह करने का प्रयास किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह न करें। उन्होंने कहा कि झूठी रिपोर्ट या सूचना देना आपराधिक कृत्य है और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।