रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा: 30 फीट ऊंचाई से गिरा इलेक्ट्रीशियन, इलाज के दौरान मौत

22मई 2026

राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में मरम्मत कार्य के दौरान एक संविदा कर्मचारी करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुबेर चंद्र साहू के रूप में हुई है, जो एयरपोर्ट परिसर में इलेक्ट्रीशियन के तौर पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया की फॉल्स सीलिंग में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ और कर्मचारी संतुलन खोकर नीचे गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि काम के दौरान कर्मचारी ने सेफ्टी किट या सुरक्षा बेल्ट नहीं पहनी थी। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण कर्मचारी को चक्कर आया, जिससे वह नीचे गिर गया। हालांकि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की सूचना पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। अब यह जांच का विषय है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही हुई या हादसे के पीछे कोई और वजह थी। एयरपोर्ट जैसी हाई-सिक्योरिटी और संवेदनशील जगह पर सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *