22मई 2026
भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले ने अब और तूल पकड़ लिया है। मामले में उस वक्त नया विवाद खड़ा हो गया, जब ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह के वकील एनोश जॉर्ज मीडिया के सवालों पर अपना आपा खो बैठे। पत्रकार जब उनसे केस और जांच से जुड़े सवाल पूछ रहे थे, तभी माहौल अचानक गर्मा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वकील नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक बेटी की मौत के मामले में जवाब देने के बजाय इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया। कई लोगों ने इसे संवेदनशील मामले में असंवेदनशील रवैया बताया।
उधर, भोपाल पुलिस ने मामले में अपनी कार्रवाई को लेकर सफाई दी है। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को तीन नोटिस जारी किए थे, लेकिन सहयोग नहीं मिलने पर अग्रिम जमानत रद्द कराने के लिए हाई कोर्ट का रुख किया गया। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच के लिए भी पत्र भेज दिया है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, घटना से जुड़े CCTV फुटेज में दिखाई देने वाले लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना के दो दिन के भीतर FIR दर्ज कर ली थी, जो त्वरित कार्रवाई मानी जाएगी। पुलिस का दावा है कि जांच में किसी तरह की लापरवाही या देरी नहीं हुई है और हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
मामले को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक दबाव भी बढ़ता जा रहा है। परिवार को न्याय दिलाने की मांग लगातार तेज हो रही है, वहीं CBI जांच की संभावनाओं के बीच यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।